उद्यमिता जागरूकता कार्यक्रम का हुआ आयोजन - TOURIST SANDESH

Breaking

रविवार, 11 अक्टूबर 2026

उद्यमिता जागरूकता कार्यक्रम का हुआ आयोजन

 उद्यमिता जागरूकता कार्यक्रम का हुआ आयोजन 


कोटद्वार। डॉ. पीताम्बर दत्त बड़थ्वाल राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, कोटद्वार के देवभूमि उद्यमिता केंद्र के तत्वावधान में 06 अक्टूबर से 10 अक्टूबर 2026 तक देवभूमि उद्यमिता योजना के अंतर्गत विभिन्न संकायों एवं कक्षाओं के विद्यार्थियों हेतु उद्यमिता जागरूकता कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को उद्यमिता, स्वरोजगार, नवाचार एवं व्यवसाय स्थापना से संबंधित आवश्यक जानकारी प्रदान करना था ।

कार्यक्रम में देवभूमि उद्यमिता योजना, देहरादून के प्रोजेक्ट ऑफिसर डॉ. डी. एस. चौहान ने विभिन्न विभागों के विद्यार्थियों को उद्यमिता के महत्व, स्वरोजगार के अवसरों, स्टार्टअप संस्कृति, व्यवसाय स्थापना की प्रक्रिया तथा सरकारी योजनाओं की जानकारी प्रदान की। उन्होंने विद्यार्थियों को आत्मनिर्भर बनने तथा रोजगार मांगने के बजाय रोजगार सृजक बनने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम की शुरुआत 06 अक्टूबर को कला एवं विज्ञान संकाय के प्रथम एवं द्वितीय सेमेस्टर के विद्यार्थियों के साथ हुई। 07 अक्टूबर को कला एवं विज्ञान संकाय के पंचम सेमेस्टर के विद्यार्थियों को उद्यमिता संबंधी जानकारी दी गई। 08 अक्टूबर को वाणिज्य संकाय (बी.कॉम.) के सभी सेमेस्टर के छात्र-छात्राओं ने कार्यक्रम में सहभागिता की। 09 अक्टूबर को बीएड विभाग के विद्यार्थियों को उद्यमिता के विविध आयामों से अवगत कराया गया। कार्यक्रम के अंतिम दिन 10 अक्टूबर को एम.कॉम., एम.ए. एवं एम.एससी. के समस्त विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम में नवाचार आधारित व्यवसाय, स्टार्टअप पंजीकरण, वित्तीय सहायता, विपणन रणनीतियों तथा सरकारी प्रोत्साहन योजनाओं पर विशेष चर्चा की गई।

महाविद्यालय  के सभी प्राध्यापकों ने इस कार्यक्रम को विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास एवं रोजगारोन्मुखी शिक्षा की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताते हुए देवभूमि उद्यमिता योजना का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के सफल संचालन में विभिन्न विभागाध्यक्षों, संकाय सदस्यों एवं विद्यार्थियों का विशेष सहयोग रहा ।

समपान दिवस में महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोफेसर डी एस नेगी ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों में उद्यमशील सोच विकसित करने तथा उन्हें आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित करते हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में युवाओं के लिए स्वरोजगार और नवाचार आधारित उद्यमिता सफलता के नए अवसर प्रदान कर रही है। इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम विद्यार्थियों को अपने कौशल एवं क्षमताओं की पहचान करने के साथ-साथ उन्हें व्यावसायिक रूप से विकसित करने का मार्ग भी प्रशस्त करते हैं। प्राचार्य ने सभी छात्र / छात्राओं से  प्राप्त ज्ञान का लाभ उठाकर भविष्य में स्वयं का उद्यम स्थापित करने तथा अन्य युवाओं के लिए रोजगार सृजन करने की दिशा में आगे बढ़ने का आह्वान किया। उक्त कार्यक्रम को सम्पन्न कराने में डॉ. हेमंत जोशी, डॉ. जे. सी. भट्ट , डॉ.मीनाक्षी वर्मा , डॉ. रविन्द्र कुमार,  डॉ. रजनी चमोली,  ने  अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया । अंत में देवभूमि उद्यमिता केंद्र के संयोजक डॉ. गणेश चंद ने सभी अतिथियों, प्राध्यापकों एवं विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

 

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें